एनएचआरसी, भारत ने पंजाब के लुधियाना जिले में एक फैक्टरी के भीतर सीवेज लाइन की मैनुअल सफाई के दौरान जहरीली गैस के संपर्क में आने से तीन व्यक्तियों की मृत्यु तथा दो अन्य के घायल होने की घटना का स्वतः संज्ञान लिया
प्रेस विज्ञप्ति
राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग
नई दिल्ली: 5 जून, 2026
एनएचआरसी, भारत ने पंजाब के लुधियाना जिले में एक फैक्टरी के भीतर सीवेज लाइन की मैनुअल सफाई के दौरान जहरीली गैस के संपर्क में आने से तीन व्यक्तियों की मृत्यु तथा दो अन्य के घायल होने की घटना का स्वतः संज्ञान लिया
आयोग ने पंजाब सरकार के मुख्य सचिव तथा लुधियाना के पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी
रिपोर्ट में जांच की स्थिति, घायल श्रमिकों के स्वास्थ्य तथा सरकार द्वारा घोषित किसी भी मुआवजे का विवरण शामिल किए जाने की अपेक्षा
राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग (एनएचआरसी), भारत ने एक मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है, जिसके अनुसार 1 जून, 2026 को पंजाब के लुधियाना जिले में एक फैक्टरी के भीतर सीवेज लाइन की मैनुअल सफाई के दौरान जहरीली गैस के संपर्क में आने से तीन व्यक्तियों की मृत्यु हो गई तथा दो अन्य घायल हो गए। रिपोर्ट के अनुसार, फैक्टरी प्रबंधन ने रासायनिक अपशिष्ट के निस्तारण हेतु उपयोग किए जाने वाले सीवेज तंत्र की सफाई के लिए श्रमिकों को नियुक्त किया था। वे बिना किसी सुरक्षा उपकरण के सीवर लाइन में उतरे, जिससे वे जहरीली गैस के संपर्क में आ गए।
आयोग का मानना है कि समाचार रिपोर्ट की सामग्री यदि सत्य है, तो यह मानव अधिकारों के उल्लंघन से संबंधित गंभीर मुद्दा है। इसलिए, आयोग ने पंजाब सरकार के मुख्य सचिव तथा लुधियाना के पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट में जांच की स्थिति, घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी तथा सरकार द्वारा घोषित किसी भी मुआवजे का विवरण शामिल किए जाने की अपेक्षा है।
2 जून, 2026 की मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, तीन श्रमिकों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि सहायता कर रहे दो अन्य श्रमिक बेहोश हो गए और उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया।