एनएचआरसी ने देवरिया जिले, उत्तर प्रदेश में चोरी के संदेह में एक बालिका की पिटाई तथा उसे घुमाए जाने की घटना का स्वतः संज्ञान लिया

प्रेस विज्ञप्ति

राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग

नई दिल्ली: 5 जून, 2026

एनएचआरसी ने देवरिया जिले, उत्तर प्रदेश में चोरी के संदेह में एक बालिका की पिटाई तथा उसे घुमाए जाने की घटना का स्वतः संज्ञान लिया

आयोग ने देवरिया के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी

राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग (एनएचआरसी), भारत ने एक मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है, रिपोर्ट के अनुसार उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में अनुसूचित जाति की 14 वर्षीय एक बालिका को चोरी के संदेह में दुकानदार ने पेड़ से बांधकर पीटा। रिपोर्ट के अनुसार, दुकानदार ने पीड़िता को उसके बाल पकड़कर पूरे गांव में भी घुमाया।

आयोग का मानना है कि समाचार रिपोर्ट की सामग्री यदि सत्य है, तो यह मानव अधिकारों के उल्लंघन का एक गंभीर मामला है। इसलिए, आयोग ने देवरिया के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

2 जून, 2026 की मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गांव में घुमाए जाने के बाद पीड़िता को घसीटकर दुकानदार के घर ले जाया गया, जहां उसे एक पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा गया।