राष्‍ट्रीय मानव अधिकार आयोग की टीम ने तुर्कमान गेट स्थित आश्रय गृहों का फिर से दौरा किया और उन्हें उन्‍नत और बेहतर स्थिति में पाया



नई दिल्ली, 21 दिसंबर, 2021

राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग, एनएचआरसी, भारत ने 7 दिसंबर, 2021 को एनएचआरसी के सदस्य, न्यायमूर्ति श्री एम. एम. कुमार द्वारा किए गए दौरे पर अनुवर्ती कार्रवाई के लिए तुर्कमान गेट पर आश्रय गृहों का फिर से दौरा किया।

टीम ने पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए आश्रय गृहों में काफी सुधार पाया है। इससे पहले, एनएचआरसी की टीम ने आश्रय गृहों को खराब ढांचागत स्थितियों, जर्जर और गंदी स्थिति में पाया था। अब, राज्य सरकार ने संवासियों को धातु के तख्त और गद्दे उपलब्ध कराए हैं।

एनएचआरसी की टीम ने कुल मिलाकर दोनों आश्रय गृहों के समग्र मामलों में सुधार पाया है। अनुवर्ती दौरे पर, आश्रय गृह रहने योग्य स्थिति में पाए गए। महिला गृह में अब उचित पानी की आपूर्ति के साथ कार्यात्मक शौचालय हैं। स्वच्छता और सफाई के स्तर में सुधार पाया गया। हालांकि, पेयजल उपलब्ध कराया गया है लेकिन आपूर्ति अभी भी बढ़ाने की जरूरत है। महिलाओं के आश्रय स्थल में भीड़भाड़ की समस्या अभी भी मौजूद थी। दोनों आश्रय गृहों को तत्काल मरम्मत और नवीनीकरण की आवश्यकता है।

सदस्य न्यायमूर्ति श्री एम. एम. कुमार ने टीम को अपनी रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। एनएचआरसी टीम का नेतृत्व श्री ओ. पी. व्यास, उप रजिस्ट्रार (विधि), श्री सुखदेव सिंह, सदस्य श्री एम. एम. कुमार के वरिष्‍ठ निजी सचिव, श्री संतोष कुमार आर., निरीक्षक और सुश्री साक्षी थापर, जेआरसी ने किया।

*****