MyGov पोर्टल पर एनएचआरसी इंडिया ऑनलाइन मानव अधिकार प्रश्नोत्तरी को पूरे देश से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली



नई दिल्ली, 12 अप्रैल, 2022

मानव अधिकार और राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग, एनएचआरसी, भारत पर आयोजित एक ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी में देश भर से बहुत उत्साहजनक भागीदारी देखी गई। आयोग के मीडिया और संचार विंग ने इसे MyGov टीम के सहयोग से 15 फरवरी, 2022 से 15 मार्च, 2022 तक आयोजन किया। इसका उद्देश्य मानव अधिकारों के संवर्धन और संरक्षण के महत्व और इस संबंध में आयोग की गतिविधियों के बारे में जागरूकता फैलाना था।

प्रतिभागियों को पांच मिनट में अधिकतम पांच प्रश्नों के उत्तर देने थे और विजेताओं का फैसला उन लोगों में से किया जाना था जिन्होंने कम से कम समय में प्रश्‍नों के अधिकतम सही उत्तर दिए।

इस ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी में लक्षद्वीप को छोड़कर सभी 28 राज्यों और 7 केंद्र शासित प्रदेशों से विभिन्न आयु वर्ग के कुल 21,329 लोगों ने भाग लिया, जो हाल के दिनों में MyGov प्लेटफॉर्म पर सबसे सफल और अत्यधिक भाग ली जाने वाली प्रश्नोत्तरियों में से एक के रूप में उभरी। अधिकतम भागीदारी 18-24 आयु वर्ग की थी, जिसमें से 52.9% पुरुष और 47.1% महिलाएं थीं। सबसे छोटा प्रतिभागी 14 वर्ष और सबसे वरिष्ठ प्रतिभागी 68 वर्ष के थे।

15,000 रुपये का प्रथम पुरस्कार राजस्थान के कर्ण सिंह नाथावत ने जीता है, जिन्होंने सभी पांच प्रश्नों के सही उत्तर देने में पंद्रह सेकंड का समय लिया।

10,000 रुपये का द्वितीय पुरस्कार दिल्ली के देव चावला को दिया गया है; और तृतीय विजेता महाराष्ट्र के पूरव केशबजी शाह हैं, जिन्हें 5,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया है।v 2,000 रुपये के 7 प्रोत्‍साहन पुरस्कार के विजेताओं में केरल के शॉन शाजी फिलिप; झारखंड के राज लक्ष्मी खेस और अभिलाष खेस तथा उत्तर प्रदेश के अंशु तिवारी, प्रज्ज्वल कसेरा, स्वाति सोनी और अशोक कुमार सरकार हैं।

******